नयी दिल्ली , मार्च 16 -- पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक नया परामर्श जारी कर ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे दूतावास के साथ स्पष्ट समन्वय किए बिना ईरान की किसी भी सीमा की ओर न जाएं और न ही उसे पार करने की कोशिश करें। परामर्श में कहा गया है कि दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यक समन्वित व्यवस्थाएं कर रहा है। दूतावास सीमाओं की ओर बिना समन्वय के यात्रा करने की सलाह नहीं देता।
परामर्श में कहा गया है,""ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सख्ती से सलाह दी जाती है कि वे तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के साथ पूर्व और स्पष्ट समन्वय किए बिना ईरान की किसी भी भूमि सीमा के पास न जाएँ और न ही उसे पार करने का प्रयास करें।"इसमें चेतावनी दी गई है कि जो भारतीय नागरिक दूतावास की जानकारी और मार्गदर्शन के बिना भूमि सीमा के रास्ते ईरान छोड़ने की कोशिश करेंगे, उन्हें गंभीर लॉजिस्टिक (यात्रा व्यवस्था) और आव्रजन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति बिना पूर्व समन्वय के ईरान की सीमा पार कर लेता है और ईरान के बाहर चला जाता है, तो दूतावास उसकी सहायता करने की स्थिति में नहीं होगा। इसलिए ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे दूतावास की सलाह का सख्ती से पालन करें और किसी भी यात्रा से पहले आधिकारिक माध्यमों से संपर्क में रहें।
दूतावास ने यात्रा संबंधी प्रश्नों या आपात स्थिति के लिए चार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं जो 98 912 810 9115, 98 912 810 9102, 98 912 810 9109 और 98 993 217 9359 हैं।
दूतावास से ईमेल: cons.tehran@meagov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित