वाशिंगटन/ तेहरान , मार्च 21 -- ईरान ने हिंद महासागर स्थित अमेरिकी-ब्रिटिश सैन्य ठिकाने डिएगो गार्सिया पर दो मध्यवर्ती दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें (आईआरबीएम) दागी हैं, हालांकि हमले में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

ईरान की मेहर समाचार एजेंसी (एमएनए) ने कहा, " ईरान ने हिंद महासागर के मध्य स्थित एक संयुक्त अमेरिकी-ब्रिटिश सैन्य अड्डे 'डिएगो गार्सिया' पर दो आईआरबीएम मिसाइलें दागीं।"डिएगो गार्सिया पर यह हमला पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध में एक बड़े तनाव का प्रतीक है तथा इस बात का संकेत है कि अब युद्ध पश्चिमी एशिया से निकलकर हिंद महासागर तक पहुंच गया है।

इस बीच, ईरान ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल फारस की खाड़ी में निजी और यात्री जहाजों पर हमले कर रहे हैं और यदि ये हमले जारी रहे, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा।

ईरान के सैन्य कमान के खतम अल-अन्बिया केंद्रीय मुख्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता इब्राहिम जोलफाघरी के हवाले से ईरानी टीवी चैनल एसएनएन ने कहा, " अमेरिका और इजरायल युद्ध के मैदान में अपनी निरंतर हार और ईरान के सशस्त्र बलों के हमलों का मुकाबला करने में असमर्थता के कारण, फारस की खाड़ी में नागरिक और यात्री जहाजों पर हमला करना शुरू कर दिया है। "प्रवक्ता ने कहा कि यदि अमेरिका और इजरायल इन 'कुत्सित' हमलों को जारी रखते हैं, तो ईरान बदले की गंभीर कार्रवाई करेगा।

इजरायल और अमेरिका ने ईरान के नतान्ज़ में यूरेनियम संवर्धन केंद्र पर हमले किए, हालांकि किसी भी रेडियोधर्मी रिसाव की सूचना नहीं मिली है।

ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (एईओआई) ने इस हमले की जानकारी देते हुए कहा, " नतान्ज़ में शहीद अहमद रौशन यूरेनियम संवर्धन केंद्र पर आज सुबह हमला किया गया।"एजेंसी ने हालांकि कहा कि किसी भी रेडियोधर्मी रिसाव का पता नहीं चला है।

दूसरी ओर, अमेरिका ने प्रतिबंधों में अस्थाई ढील देते हुए ईरान को उस कच्चे तेल को बेचने की अनुमति दी है, जो उसने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जमा कर रखा है, लेकिन ईरान के कहा है कि उसके पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में 'कोई तेल नहीं' है।

तेल बाजार में बढ़ती कीमतों को शांत करने के उद्देश्य से, ट्रम्प प्रशासन ने ईरान को लगभग 14 करोड़ बैरल कच्चा तेल बेचने के लिए अस्थायी छूट दी है। ईरानी पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि देश के पास समुद्र में कोई 'कच्चा तेल' जमा नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित