तेहरान , अप्रैल 05 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दो लापता पायलटों को 'बचाने और वापस लाने' के रविवार को किये गये दावे के कुछ घंटों बाद ही ईरान ने इसे खारिज कर दिया है।

ईरानी सेना ने शनिवार को अमेरिका के लड़ाकू विमान एफ-15 को मार गिराया था। श्री ट्रंप ने अभियान चलाकर इन्हीं लापता पायलटों को बचाने की घोषणा की है, जबकि ईरानी सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि उन्होंने पायलटों को बचाने के अमेरिकी प्रयास को 'विफल' कर दिया है।

इस बीच सोशल ट्रूथ पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ने ट्रंप ने लिखा है, "हमने ईरान के पहाड़ों की गहराई से एफ-15 के उस बेहद बहादुर और गंभीर रूप से घायल क्रू मेंबर/अधिकारी को बचा लिया है। ईरानी सेना भारी संख्या में बड़ी शिद्दत से उसे ढूंढ़ रही थी और उसके काफी करीब पहुंच रही थी। वह एक बेहद सम्मानित कर्नल हैं। इस तरह के 'रेड' (छापेमारी) की कोशिश शायद ही कभी की जाती है, क्योंकि इसमें 'इंसान और साजो-सामान' दोनों के लिए बहुत खतरा होता है। ऐसा आमतौर पर नहीं होता!"उन्होंने यह भी कहा , "पहली रेड के बाद दूसरी रेड की गयी है, जहां हमने दिन के उजाले में पायलट को बचाया, जो असामान्य है। हमने ईरान के ऊपर सात घंटे बिताये। सभी का बहादुरी और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन! मैं सोमवार दोपहर 1:00 बजे ओवल कार्यालय में सेना के साथ संवाददाता सम्मेलन करूंगा। ईश्वर हमारे महान सैन्य योद्धाओं पर कृपा बनाये रखे!"ईरान के खातम अल-अम्बिया केंद्रीय मुख्यालय (केसीएचक्यू) के प्रवक्ता ने दावा किया कि मध्य ईरान में इस्फहान के दक्षिण में समन्वित अभियान के दौरान अमेरिका के दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और एक सी-130 सैन्य परिवहन विमान को मार गिराया गया है। इस अभियान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), सेना, बासिज इकाइयां और पुलिस बल शामिल थे।

गौरतलब है कि खातम अल-अम्बिया केंद्रीय मुख्यालय तेहरान स्थित एक शीर्ष स्तरीय ईरानी सैन्य कमान है, जो ईरानी सेना और आईआरजीसी के बीच संयुक्त अभियानों की योजना बनाने और समन्वय के लिए जवाबदेह है।

ईरानी अधिकारियों ने इस्फहान में नष्ट हुए अमेरिकी सैन्य विमान के मलबे की कई तस्वीरें और वीडियो भी जारी किये हैं। अभी तक स्वतंत्र रूप से यह पुष्टि नहीं हुई है कि ये तस्वीरें और वीडियो वास्तव में उसी गिराये गये अमेरिकी विमान के हैं या नहीं।

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा था कि एक 'चमत्कारी खोज और बचाव अभियान' में अमेरिका ने ईरानी क्षेत्र के काफी अंदर से उन दो लड़ाकू पायलटों को सुरक्षित निकाल लिया है, जो शनिवार को एफ-15 अमेरिकी लड़ाकू विमान के गिराये जाने के बाद लापता हो गये थे।

ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने प्रवक्ता के हवाले से बताया कि इस्फहान की यह घटना अमेरिकी बलों के मध्य ईरान में घुसपैठ करने और पायलट को निकालने के हताश प्रयासों के बाद हुई। समाचार एजेंसी ने हालांकि प्रवक्ता की पहचान उजागर नहीं की है।

प्रवक्ता ने कहा कि एयरोस्पेस और थल सेना, स्वयंसेवक बासिज इकाइयों और कानून प्रवर्तन कर्मियों के एक संयुक्त अभियान ने घुसपैठ करने वाले विमानों को सफलतापूर्वक रोका और उन्हें नष्ट कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित