, April 4 -- तेहरान, 04 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) ईरान की रणनीतिक विदेश नीति परिषद के प्रमुख कमाल खराज़ी को निशाना बनाकर किये गये अमेरिका-इजरायली हमले में उनकी पत्नी की मौत हो गयी।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने इस हत्या के प्रयास की पुष्टि की है। उन्होंने 'एक्स' पर एक अप्रैल को हुए इस हमले की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "जिस समय मैं अमेरिकी जनता को संबोधित कर रहा था, उसी दौरान हमारी रणनीतिक विदेश नीति परिषद के प्रमुख को एक हत्या के प्रयास में निशाना बनाया गया।"उन्होंने आगे बताया कि इस हमले में श्री खराजी की पत्नी की मौत हो गयी है।
उल्लेखनीय है कि श्री कमाल खराजी 1997 से 2005 तक ईरान के विदेश मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में ईरान के रणनीतिक निर्णय लेने वाली प्रक्रियाओं में एक अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति माने जाते हैं।
ईरान के शीर्ष नेताओं पर हमले का यह अमेरिका-इजरायल का पहला प्रयास नहीं था। इससे पहले भी वे ऐसी कोशिशें कर चुके हैं, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई समेत कई नेताओं की मौत हो चुकी है।
28 फरवरी 2026 को तेहरान में श्री खामेनेई के परिसर पर हुए हवाई हमले में उनकी मृत्यु हो गयी थी। उनके साथ परिसर में मौजूद उनकी बेटी बुशरा खामेनेई ओर उनकी पोती जहरा मोहम्मदी गोलपायगनी का भी निधन हो गया था। उनके पोती की उम्र महज आठ साल थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित