तेहरान , अप्रैल 07 -- ईरान के पश्चिमी प्रांत लोरेस्तान में स्थित खुर्रमाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को अमेरिका और इजरायल ने हवाई हमले किए। स्थानीय अधिकारियों के हवाले से मेहर समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी।

ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने बताया कि अमेरिकी और इजरायली सेना ने कई अन्य शहरों को भी निशाना बनाया है, जिनमें पश्चिम अजरबैजान प्रांत के उर्मिया और खोय, अल्बोर्ज प्रांत के करज और सावोजबोलाग काउंटी तथा फारस प्रांत का शिराज शहर शामिल है।

यह हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए एक समय सीमा जारी की है। श्री ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास एक ऐसी योजना है जिसके तहत 'मंगलवार आधी रात तक ईरान के हर पुल और बिजली संयंत्र को नष्ट किया जा सकता है।'श्री ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि यह अभियान 'एक ही रात में' पूरा किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इन हमलों के बाद मिलने वाली आजादी से ईरानी लोगों को अंततः 'लाभ हो सकता' है।

इस बीच, इजरायल द्वारा ईरानी नागरिकों को रेलवे से दूर रहने की चेतावनी दिए जाने के बाद मशहद में रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित