तेहरान/तेल अवीव , मार्च 08 -- अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रविवार को ईरान की राजधानी तेहरान और अल्बोर्ज़ प्रांत में पांच प्रमुख तेल केंद्रों को निशाना बनाया। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, इन हमलों में कम से कम चार टैंकर चालकों की मौत हो गई है। हमलों के बाद तेहरान का आसमान काले धुएं की मोटी चादर से ढक गया है।

इजरायली ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने इस हमले को युद्ध में एक बड़ा 'तनाव' करार देते हुए चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और भी भीषण हमले देखने को मिलेंगे। उन्होंने एक रेडियो चैनल से बातचीत में कहा कि ईरानी शासन को नुकसान पहुँचाने वाले सभी लक्ष्य हमारी सूची में हैं।

ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, हमले में चार तेल भंडारण केंद्रों और एक पेट्रोलियम केंद्र को निशाना बनाया गया है। हालांकि, ईरान ने दावा किया है कि ईंधन वितरण में कोई कमी नहीं है और दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं।

ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स' (आईआरजीसी) ने इस हमले का तत्काल जवाब देते हुए कुवैत स्थित 'अल-अदीरी' एयरबेस को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने का दावा किया है। आईआरजीसी के अनुसार, इस हमले में अमेरिकी हेलीकॉप्टर मरम्मत केंद्र, ईंधन टैंक और कमांड सेंटर को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित