तेल अवीव , मार्च 02 -- इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जारी संयुक्त सैन्य अभियान को समाप्त करने के लिए कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की है। इजरायल के विदेश मंत्री गिडियन सार ने सोमवार को यह जानकारी दी।

श्री सार ने यूरोन्यूज़ से बातचीत में कहा कि अभियान की कोई तय समय-सीमा नहीं है और इसे यथासंभव छोटा रखने की इच्छा के बावजूद इजरायल ने अपने लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान वाशिंगटन के साथ पूर्ण समन्वय में चलाया जा रहा है और अमेरिका केवल समर्थनकर्ता नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष भागीदार है। उन्होंने कहा, "वे हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। यह एक संयुक्त अभियान है।"श्री सार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य ईरान में इजरायल के खिलाफ लंबे समय से मौजूद खतरों को समाप्त करना और तेहरान के नेतृत्व ढांचे को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि हालिया हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई, जिन्हें उन्होंने "इजरायल के अस्तित्व के लिए प्रत्यक्ष खतरा" बताया।

श्री सार ने अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायोचित थी। उन्होंने युद्ध की समाप्ति के लिए कोई संभावित तारीख बताने से इनकार किया।

इजरायली सेना ने रविवार को कहा कि अभियान जारी रहने के बीच एक लाख रिजर्व सैनिकों को लामबंद किया जाएगा। श्री सार ने कहा कि युद्ध के बाद इजरायल ईरान के अगले नेतृत्व के चयन में हस्तक्षेप नहीं करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित