नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- ईरान में आंतरिक संकट गहराने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़ने के बीच, भारत ने बुधवार को अपने नागरिकों के लिए दोबारा परामर्श जारी करते हुए वहां की यात्रा से बचने की सलाह जारी की।

विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा," ईरान में जारी घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को एक बार फिर कड़े शब्दों में सलाह दी जाती है कि वे अगले आदेश तक ईरान की यात्रा से बचें। इस संबंध में 5 जनवरी को जारी परामर्श का भी संदर्भ लिया जा सकता है।"मंत्रालय ने इससे पहले पांच जनवरी को जारी परामर्श में भी भारतीय नागरिकों से ईरान की गैर-आवश्यक यात्रा से बचने की सलाह जारी की थी।

पहले परामर्श में विदेश मंत्रालय ने न केवल भारतीय नागरिकों को ईरान की गैर-आवश्यक यात्रा से बचने को कहा था, बल्कि ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से भी "अत्यधिक सतर्कता बरतने, प्रदर्शन या विरोध-प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा समाचारों के साथ-साथ तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर बनाए रखने" की अपील की थी।

विदेश मंत्रालय ने वहां पहले से मौजूद भारतीय नागरिकों को "तत्काल भारतीय दूतावास में पंजीकरण कराने" की भी सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित