तेहरान/तेल अवीव , मार्च 08 -- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान की पड़ोसी देशों से माफी मांगने वाले बयान के एक दिन बाद पड़ोसी देशों में फिर से ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
कुवैत की सेना ने बताया कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ईंधन भंडारण क्षेत्र को शत्रु ड्रोनों से निशाना बनाया गया। वायु रक्षा प्रणालियों ने कई ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन इस दौरान गिरे मलबे से कुछ नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी रविवार तड़के ड्रोन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कम से कम 21 ड्रोन को मार गिराया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आपदा प्रबंधन इकाई ने भी संभावित हमलों के प्रति आज चेतावनी जारी की थी।
ईरान ने अपने जल शोधन संयंत्र पर हुए हमले के जवाब में बहरीन में अमेरिका के सैन्य अड्डों पर हमला किया है। ईरान के सर्वोच्च परिचालन कमान के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम ज़ोलफक़ारी ने शनिवार को कहा कि जुफ़ैर स्थित अमेरिकी अड्डे से क़ेश्म द्वीप के क़ेश्म जल शोधन संयंत्र पर हमले के जवाब में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अमेरिकी ठिकाने को निशाना बनाया।
दूसरी ओर, लेबनान की राजधानी बेरूत स्थित एक होटल पर इजरायल की ओर से किये गये हमले में चार लोग मारे गये, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं।
इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान और अल्बोर्ज़ प्रांत में पांच प्रमुख तेल केंद्रों को निशाना बनाया। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, इन हमलों में कम से कम चार टैंकर चालकों की मौत हो गई है। हमलों के बाद तेहरान का आसमान काले धुएं की मोटी चादर से ढक गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित