दुबई , अप्रैल 01 -- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अब केवल उन्हीं ईरानी नागरिकों के प्रवेश करने की अनुमति है जिनके पास यूएई गोल्डन वीजा है।

एमिरेट्स एयरलाइंस ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "ईरानी नागरिकों के प्रवेश और पारगमन पर प्रतिबंध है।" एमिरेट्स और एतिहाद के साथ-साथ कम लागत वाली एयरलाइन फ्लाईदुबई ने भी अपनी वेबसाइटों पर यह घोषणाएं की हैं।

फ्लाईदुबई ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध गोल्डन वीजा वाले ईरानी नागरिकों पर लागू नहीं होता है। अपने पासपोर्ट और वीजा अनुभाग में, एयरलाइन ने उल्लेख किया, "नागरिकता पर प्रतिबंध। ईरानी नागरिकों को प्रवेश या पारगमन की अनुमति नहीं है। अपवाद स्वरूप वहीं ईरानी नागरिक प्रवेश और पारगमन कर सकते हैं, जिनके पास गोल्डन वीजा है।"यूएई गोल्डन वीजा एक दीर्घकालिक निवास परमिट है, जो पांच या दस वर्षों के लिए मान्य होता है। यह निवेशकों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, शीर्ष छात्रों और अत्यधिक कुशल पेशेवरों को दिया जाता है, जिससे धारकों को स्थानीय प्रायोजक के बिना यूएई में रहने, काम करने और अध्ययन करने की अनुमति मिलती है।

यह घटनाक्रम बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच सामने आया है। ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद, देश ने क्षेत्र के कई देशों पर हमलों के साथ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें यूएई पर कथित तौर पर सबसे भारी प्रभाव पड़ा।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ईरान ने यूएई की ओर 393 बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ 1,835 ड्रोन लॉन्च किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और ईरानी नागरिकों सहित 171 लोग घायल हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित