रांची , फरवरी 12 -- झारखंड की राजधानी रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तत्काल अलर्ट मोड में आ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और कोतवाली डीएसपी मौके पर पहुंचे। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे समाहरणालय परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एहतियातन समाहरणालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाला गया। बम स्क्वॉड द्वारा परिसर के विभिन्न भवनों, कार्यालय कक्षों और पार्किंग क्षेत्र की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है।
इधर, पुलिस की साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। तकनीकी माध्यमों से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि ईमेल कहां से और किसके द्वारा भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। साथ ही संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित