लखनऊ , मार्च 09 -- आम आदमी पार्टी (आप) के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने योगी सरकार से मांग की है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद-उल-फितर के बाद शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि इससे शिक्षक अपने धार्मिक पर्व को सम्मान और शांति के साथ मना सकेंगे।
महेंद्र सिंह ने कहा कि जैसे हिंदू समाज के लिए होली और दीपावली बड़े और महत्वपूर्ण पर्व हैं, उसी तरह मुस्लिम समाज के लिए ईद भी अत्यंत पवित्र और अहम त्योहार है। इसलिए सरकार को सभी धर्मों की भावनाओं का समान रूप से सम्मान करना चाहिए और ऐसे निर्णय लेने चाहिए जिनसे किसी समुदाय को अपने पर्व मनाने में परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 18 मार्च से यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। इसी दौरान 20 मार्च को अलविदा जुमे की नमाज और 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व पड़ रहा है। मूल्यांकन के दौरान कई बार सार्वजनिक अवकाश भी निरस्त कर दिए जाते हैं और रविवार को भी कॉपियों की जांच कराई जाती है। ऐसे में बड़ी संख्या में शिक्षक, खासकर मुस्लिम शिक्षक, अपने सबसे बड़े त्योहार को परिवार और समाज के साथ पूरी तरह नहीं मना पाएंगे।
महेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सामाजिक व धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से अपील की कि व्यावहारिक निर्णय लेते हुए यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद के बाद शुरू कराया जाए, ताकि सभी शिक्षक अपने त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकें और मूल्यांकन कार्य भी सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित