कानपुर , मार्च 16 -- ईद उल फितर और नवरात्र के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अपनी तैयारियां पुख्ता कर लीं है।
इस संबंध में सोमवार को पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना क्षेत्र बजरिया स्थित मरकाजी ईदगाह (बेनाझाबर मार्ग) पर ईद-उल-फितर पर्व के दृष्टिगत क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों, पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की, जिसमें त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही ईदगाह के आयोजकों एवं प्रबंधन समिति से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के बाद श्री श्रीवास्तव ने मरकाजी ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नमाज के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उधर, पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम.कासिम आबिदी नेआगामी नवरात्रि पर्व एवं शोभा यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में क्षेत्र के धर्मगुरुओं एवं आयोजकों के साथ बैठक आयोजित की। श्री आबिदी ने कहा कि नवरात्र एवं शोभा यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं आयोजकों से अपील की कि वे अपने-अपने अनुयायियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में शोभा यात्रा के मार्ग, समय, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी पश्चिम ने निर्देशित किया कि शोभा यात्रा निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाली जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की भी अपील की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित