नयी दिल्ली , अप्रैल 01 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में 'नर्मदा शीत गृह' के मालिक राम पाटीदार और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

ईडी के इंदौर उप क्षेत्रीय कार्यालय ने बुधवार को बताया कि विशेष अदालत ने राम पाटीदार और अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किये हैं। ईडी ने यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। यह प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (आईपीसी ) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत राम पाटीदार और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गई थी, जिन पर पंजाब नेशनल बैंक के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी करने और बैंक को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

ईडी की जांच में पता चला कि राम पाटीदार ने 'नर्मदा शीत गृह' के नाम पर एक कोल्ड स्टोरेज सुविधा के निर्माण के लिए पंजाब नेशनल बैंक से 3.50 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। हालांकि, ऋण की राशि का उपयोग उसके निर्धारित उद्देश्य के लिए करने के बजाय, उसे कई ऐसे खातों में भेज दिया गया, जिन्हें राम पाटीदार खुद नियंत्रित और प्रबंधित करता था। इसके साथ ही,उन पैसों को अन्य संबंधित व्यक्तियों परमानंद पाटीदार, महिंद्रा पाटीदार, मिथुन डावर और अन्यके खातों में भी भेजा गया। इन अवैध गतिविधियों के कारण राम पाटीदार और अन्य आरोपियों ने पंजाब नेशनल बैंक को 3.36 करोड़ रुपये का गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया, जबकि इसके बदले उन्होंने खुद गलत तरीके से लाभ कमाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित