नयी दिल्ली , दिसंबर 30 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने हाल ही में अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और चंडीगढ़ में नौ गैर आवासीय जगहों पर तलाशी अभियान में नकली क्रिप्टो कंपनी पर कार्रवाई की है।
कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह तलाशी अभियान नकली क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर निवेश की आड़ में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के सिलसिले में किया गया था।
तलाशी अभियान के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज , डिजिटल सबूत ज़ब्त किए गए हैं। इसके अलावा 22.38 लाख रुपये की अपराध की कमाई वाले 18 बैंक खातों को फ्रीज़ कर दिया गया है, साथ ही चार लाख रुपये नकद भी ज़ब्त किये गए है। इसके अलावा तीन करोड़ रुपये की अचल सम्पति का भी पता चला है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा विकास कालरा, तरुण तनेजा, कपिल कुमार और पवन कुमार के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की। जांच से पता चला है कि आरोपियों ने आपस में मिलकर शहर और आस-पास के इलाकों में कई लोगों से क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने का लालच देकर करोड़ों रुपये ठगे थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग कंपनी के नाम से एक धोखाधड़ी वाला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाया था, जिसका मकसद निवेशकों से उनकी मेहनत की कमाई ठगना था।
जांच से पता चला कि आरोपियों ने बिनांस पर क्रिप्टो वॉलेट बनाए, जहां उन्हें अलग-अलग निवेशकों से पैसे मिले। आरोपियों के बैंक खातों के विवरण से पता चलता है कि अलग-अलग निवेशकों से निवेश उनके निजी बैंक खातों में लिए गए थे और उनके परिवार के सदस्यों और साथियों के बैंक खातों के ज़रिए आगे बढ़ाए गए थे। जुर्म से हुई कमाई का इस्तेमाल आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदने में किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित