नयी दिल्ली , दिसंबर 29 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

ईडी के सूत्रों ने बताया कि ये छापेमारी इंदरजीत सिंह यादव, उनके सहयोगियों, अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और अन्य संबंधित संस्थाओं से जुड़े धन शोधन मामले में चल रही जांच का हिस्सा है। तलाशी में पता चला कि यादव द्वारा कॉरपोरेट घरानों और निजी वित्तदाताओं के बीच ऋण निपटान की सुविधा के लिए एक वेबसाइट/पोर्टल विकसित और संचालित किया गया था। इसके अलावा अभियान के दौरान यह भी पता चला है कि धन शोधन की आय का उपयोग करके यादव और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर विभिन्न चल और अचल संपत्तियां अर्जित की गई है।

ईडी ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज की गई 15 से अधिक प्राथमिकी और आरोपपत्र के आधार पर धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की। शस्त्र अधिनियम, बीएनएस और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज इन मामलों में आरोप लगाया गया है कि यादव, जो जेम रिकॉर्ड्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ('जेम्स ट्यून्स' के रूप में संचालित) के मालिक और प्रमुख नियंत्रक हैं, हत्या, जबरन वसूली, जबरन ऋण निपटान, धोखाधड़ी, जालसाजी, अवैध भूमि हड़पने और हिंसक अपराधों सहित आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक कुख्यात दबंग हैं।

उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में वांछित इंदरजीत सिंह यादव फिलहाल फरार है और माना जा रहा है कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से अपना काम कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित