कोलकाता , अप्रैल 01 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध निर्माण और भूमि कब्जे से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बुधवार को यहां कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
ईडी के सूत्रों के अनुसार एजेंसी ने दक्षिण कोलकाता के कस्बा-बालीगंज क्षेत्र स्थित फर्न रोड पर व्यवसायी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ "सोना पप्पू" के आवास पर तड़के करीब सात बजे छापा मारा। इस दौरान केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी ईडी अधिकारियों के साथ मौजूद थे। पोद्दार के खिलाफ पहले ही कई प्राथमिकी दर्ज हैं, जिनमें जबरन वसूली, धमकी और दबाव बनाने जैसे आरोप शामिल हैं। यह कार्रवाई दक्षिण कोलकाता के कुछ हिस्सों में सक्रिय अवैध निर्माण सिंडिकेट से जुड़े कथित वित्तीय गड़बड़ी की जांच के तहत की गई है।
उन्होंने बताया कि ईडी पिछले कुछ दिनों से चार से पांच प्राथमिकियों की जांच कर रही थी, जिसके आधार पर आज समन्वित छापेमारी की गई।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि पोद्दार कस्बा और बालीगंज इलाके में कई स्थानीय सिंडिकेट पर नियंत्रण रखता था और कथित तौर पर निर्माण कंपनियों से बड़ी रकम वसूल करता था। आरोप है कि यह धन प्रभावशाली व्यक्तियों तक पहुंचाया जाता था।
ईडी अधिकारियों ने आरोपी के आवास के अलावा पांच से छह अन्य परिसरों पर भी तलाशी ली, जिनमें बालीगंज स्थित "सन एंटरप्राइज" नामक एक फर्म का कार्यालय भी शामिल है। यह स्पष्ट नहीं है कि इस फर्म का आरोपी से सीधा संबंध है या नहीं।
राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से संवेदनशील समय पर हुई है।
हाल ही में रवींद्र सरोवर के पास दो समूहों के बीच हुए झड़प के मामले में भी पोद्दार का नाम सामने आया था, हालांकि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने उसके सहयोगियों की संलिप्तता का आरोप लगाया है, जबकि पोद्दार ने किसी भी भूमिका से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित