नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोयले के कथित अवैध खनन और परिवहन के मामले में पश्चिम बंगाल और राष्ट्रीय राजधानी में करीब 10 ठिकानों पर छापेमारी की है।
तलाशी अभियान की जद में आने वालों में बंगाल पुलिस के थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल भी शामिल हैं। जांच के दायरे में अन्य लोगों में किरण खान, शेख अख्तर, प्रबीर दत्ता और मिर्ज़ा हेसामुद्दीन बेग के नाम भी शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ ईडी की टीमों ने मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे कोलकाता, आसनसोल, दुर्गापुर, पानागढ़, पांडबेश्वर और पश्चिम बर्धमान जिले के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दिल्ली के चुनिंदा परिसरों में एक साथ छापेमारी शुरू की।
हाल ही में बुदबुद थाने का थाना प्रभारी (ओसी) नियुक्त किये गये श्री मंडल के आसनसोल स्थित आवास पर छापेमारी की गयी। श्री मंडल ने हालांकि अभी औपचारिक रूप से कार्यभार नहीं संभाला है। पिछले साल बाराबनी थाने में तैनाती के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था और बाद में आसनसोल पुलिस की विशेष शाखा में संबद्ध कर दिया गया था। ईडी की इस कार्रवाई के बाद उनकी हालिया बहाली अब जांच के घेरे में आ गई है।
जांच एजेंसी ने रेत और कोयला व्यापारियों के घरों और कार्यालयों पर भी छापेमारी की। दुर्गापुर के सेपको क्षेत्र में ईडी की टीमों ने 'के.के. मिनरल्स' के मालिक प्रबीर दत्ता के आवास के साथ-साथ उनके भाई अमित दत्ता के घर पर भी छापा मारा। यह फर्म बांकुरा, पश्चिम बर्धमान और पूर्व बर्धमान जिलों में रेत खनन कार्यों में लगी हुई है और इसके कार्यालय पानागढ़ में स्थित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित