रायपुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिरूपण कर ठगी और ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना राखी में दर्ज इस प्रकरण में आरोपी ने स्वयं को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) का अधिकारी बताकर एक सेवानिवृत्त अधिकारी से लाखों रुपये ठग लिये।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी देवलाल सिंह टेकाम, जो लोक निर्माण विभाग से अधीक्षण अभियंता पद से सेवानिवृत्त हैं, को 28 जनवरी 2026 को अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर यह बताया गया कि उनके खिलाफ सतर्कता विभाग, एसीबी एवं ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज है। प्रारंभिक जांच में ये कॉल साइबर ठगी के उद्देश्य से किये गये पाए गए।

इस संबंध में प्रार्थी ने अपने पुराने परिचित धर्मेन्द्र चौहान को जानकारी दी। आरोपी ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए प्रार्थी को दोनों नंबर ब्लॉक करने की सलाह दी और मामले की जानकारी निकालने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने अपनी महिला मित्र के नाम पर लिए गए मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजकर खुद को ईओडब्ल्यू अधिकारी बताना शुरू किया।

आरोपी ने प्रार्थी को फर्जी शिकायत की प्रति भेजकर भयभीत किया और बाद में अपने ही माध्यम से मामले को समाप्त कराने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने 10 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से प्रार्थी ने उसे 9 लाख 50 हजार रुपये दे दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित