प्रयागराज , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले एक मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भांटापारा जिले के बलौदाबाजार थाना क्षेत्र के जरौत गांव निवासी चोलाराम (45) अपने परिवार के साथ घूरपुर क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आया था। वह करीब तीन-चार महीने पहले अपनी पत्नी यशोदा देवी और बेटी नंदकुमारी (20) के साथ यहां ईंट पथाई का काम करने पहुंचा था और भट्ठे के पास बनी खोली में परिवार के साथ रह रहा था।
परिजनों के अनुसार चोलाराम कभी-कभी मानसिक रूप से अस्वस्थ हो जाता था और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ जाती थी। बताया गया कि शनिवार रात उसकी मानसिक स्थिति अधिक खराब हो गई और वह अजीब हरकतें करने लगा। उसने हाथ में चाकू लेकर आसपास के लोगों को दौड़ाना शुरू कर दिया, जिससे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद लोगों ने किसी तरह उसे पकड़कर उसकी खोली में बंद कर दिया, ताकि वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। इसी दौरान उसकी पत्नी और बेटी ईंट पथाई के काम में लगी हुई थीं। इसी बीच चोलाराम ने खोली के अंदर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजन वापस आए तो उसे फंदे से लटका देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित