श्रीगंगानगर , मार्च 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठा पर हुई दुर्घटना में एक युवा मजदूर की झुलसने से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चक 5-जीबी ए में स्थित सावित्री क्लिन कंपनी ईंट भट्ठा पर 28 वर्षीय अर्जुन पटेल जलारा का ही काम करता था। वह भट्टे पर ऊंची चिमनी के पास ही धुआं निकालने के लिए बनाये हुए स्थान पर रखे लोहे के ढक्कन पर 27 मार्च की रात करीब नौ बजे फिसल गया। ढक्कन हट गया और वह धुआं निकलने वाले स्थान से नीचे गिरा और बुरी तरह से झुलस गया।

अर्जुन पटेल को तत्काल सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बीकानेर भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के जनवामऊ सैयद यासीनपुरका निवासी था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित