श्रीनगर , दिसंबर 30 -- अगले 24 घंटों में कश्मीर क्षेत्र और पीर पंजाल इलाके में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने कहा "31 दिसंबर से नववर्ष की सुबह या दोपहर तक बादल छाये रहेंगे और ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ ऊंचे और बहुत ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।"ऐसी संभावना है कि अगले तीन दिनों में श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में भी मौसम की पहली बर्फबारी हो सकती है।
अधिकारियों ने जम्मू -कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण सड़क परिवहन में बाधा की चेतावनी दी है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वालों को बर्फबारी और बदलते मौसम के मद्देनजर सावधान रहने की सलाह दी है।
वहीं पूरे इलाके में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। कश्मीर में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान औसत से 4-5 डिग्री सेल्सियस और जम्मू में कई जगहों पर सामान्य से 1-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित