नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा को बताया कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका) का अब तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 1320 छात्रों को लाभ मिला है।

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा जितेन्द्र सिंह ने पूरक प्रश्नों के जवाब में बताया कि यह इसरो का एक महीने का विशेष ग्रीष्मकालीन आवासीय कार्यक्रम है जो 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए निशुल्क है । इसका उद्देश्य छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के प्रति रुचि जगाना है। इसमें रॉकेट प्रक्षेपण, उपग्रह और स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित) की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता हैउन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरूआत 2019 में की गयी थी और इसके पांच संस्करणोंं में 1320 छात्रों जिनमें लड़के और लड़कियां दोनों को शामिल किया गया है। यह कार्यक्रम स्कूलों की गर्मियों के दौरान चलाया जाता है। कोविड महामारी के कारण यह कार्यक्रम दो वर्ष तक बंद रखा गया था।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि अभी यह कार्यक्रम देश भर में सात केन्द्रों से चलाया जाता था और अब इसमें दो और केन्द्रों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें ग्रामीण और विशेष रूप से पंचायत के स्तर पर चलाये जाने वाले स्कूलों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है। इस कार्यक्रम के दौरान छात्रों को राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं में ले जाया जाता है और उन्हें अंतरिक्ष कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाती है। आवासीय कार्यक्रम के बाद उन्हें एक प्रमाण पत्र दिया जाता है।

पर्यावरण , वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि देश में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत अब तक 113 करोड़ से अधिक पौधे लगाये गये हैं। यह अभियान पांच जून 2024 को शुरू किया गया था और इसका उद्देश्य मातृत्व का सम्मान करना और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना है।

युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने एक अन्य पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि अभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए योग्यता के आधार पर केवल सरकारी क्षेत्र में ही नौकरी दी जाती है और निजी क्षेत्र में खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर नौकरी नहीं दी जाती ।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीच वाॅलीबाॅल को खेल के रूप में देश में मान्यता मिली हुई है लेकिन इसे अभी उन खेलों की सूची में शामिल नहीं किया गया है जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर दिये जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित