श्रीनगर , मई 11 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर शराब को लेकर उनके बयान की आलोचना करते हुए उन पर "गलत संस्कृति " को बढ़ावा देने और मुस्लिम-बहुल क्षेत्र की भावनाओं को नज़रअंदाज़ करने का आरोप लगाया।

सुश्री इल्तिजा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में श्री अब्दुल्ला के रविवार को गंदेरबल में दिए गए बयान का जवाब दे रही थीं, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी को भी शराब पीने के लिए मजबूर नहीं किया जा रहा है, और लोग अपनी मर्ज़ी से शराब की दुकानों पर जाते हैं, जिससे विवाद खड़ा हो गया था।

श्री अब्दुल्ला ने आज सुबह स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर उनके बयान को राजनीतिक विरोधी "तोड़-मरोड़कर" पेश कर रहे हैं। उन्होंने ज़ोर दिया कि शराब की दुकानें सिर्फ़ उन लोगों के लिए हैं जिनका धर्म शराब पीने की इजाज़त देता है।

पीडीपी नेता ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने 2024 में सत्ता संभालने के बाद से ही आरक्षण , उर्दू की सुरक्षा, मुफ़्त बिजली और रोज़गार जैसे ज़रूरी वादों पर बार-बार "यू-टर्न" लिया है। उन्होंने शराब पर मुख्यमंत्री की हालिया टिप्पणियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि श्री अब्दुल्ला ने शुरू में कहा था कि सरकार युवाओं को शराब पीने से नहीं रोक रही है और बाद में लोगों की आलोचना के बाद बयान को नरम करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, "शराब के बारे में श्री अब्दुल्ला ने जो कहा वह पूरी तरह से बेतुका था," और कहा कि इसी तर्क का इस्तेमाल नशीले पदार्थ बेचने वाले भी इसके गलत इस्तेमाल को सही ठहराने के लिए कर सकते हैं, यह दावा करके कि युवा अपनी मर्ज़ी से ड्रग्स लेते हैं। " उन्होंने कहा कि सरकार का नशीले पदार्थ विरोधी अभियान मुख्यमंत्री की टिप्पणियों के उलट है और सवाल किया कि अधिकारी कथित नशीले पदार्थ बेचने वालों की सम्पति पर बुलडोज़र कैसे गिरा सकते हैं, जबकि साथ ही यह तर्क दे रहे हैं कि सरकार लोगों के नशा करने के लिए ज़िम्मेदार नहीं है।

सुश्री इल्तिजा ने आगे श्री अब्दुल्ला पर यह कहते हुए बहस में धर्म को लाने का आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में गैर-मुसलमानों के लिए शराब पीना मना नहीं है। उन्होंने कहा, "कोई भी धर्म नशे को बढ़ावा नहीं देता, चाहे वह इस्लाम हो, हिंदू धर्म हो या सिख धर्म हो," उन्होंने ज़ोर दिया कि सभी धर्मों में शराब और नशीले पदार्थो को बढ़ावा नहीं दिया जाता। उन्होंने गुजरात और बिहार जैसे राज्यों से तुलना करते हुए, जहाँ शराब पर रोक है, सवाल किया कि जम्मू-कश्मीर में भी ऐसा ही प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने पूछा, "अगर हिंदू-बहुल राज्यों में सरकारें शराबबंदी लागू कर सकती हैं, तो यह सरकार यहाँ ऐसा क्यों नहीं कर सकती।"पीडीपी नेता ने कहा कि इस्लाम में शराब पर साफ़ तौर पर रोक है और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मुस्लिम-बहुल क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी और निराशा को दूर करने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, "पहले आप युवाओं को नौकरी नहीं देते और फिर आप कहते हैं कि उनका शराब या ड्रग्स का सेवन आपकी ज़िम्मेदारी नहीं है," उन्होंने इन बातों को "असंवेदनशील" और "असलियत से दूर" बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार राजस्व विभाग में उर्दू पर हाल के विवाद और आरक्षण के मुद्दों का हवाला देते हुए भाजपा और आरएसएस से जुड़ी नीतियों को बढ़ावा दे रही है। " उन्होंने प्रशासन और उप राज्यपाल से शराब पर कार्रवाई तेज करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित