बगदाद/वाशिंगटन , मार्च 13 -- अमेरिकी मध्य कमान ( सेंटकॉम) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि इराक में उनके एक 'रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट' (ईंधन भरने वाला विमान) केसी -135 के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल के चार सदस्यों की मृत्यु हो गई है।
इस विमान में चालक दल के कुल छह सदस्य सवार थे। इनमें से चार की मौत हो गई है, जबकि शेष दो सदस्यों की स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
यह हादसा पश्चिमी इराक के एक दुर्गम इलाके में हुआ। यह विमान क्षेत्र में जारी सैन्य अभियानों के तहत अन्य विमानों में हवा में ईंधन भरने के मिशन पर तैनात था।
सेंटकॉम के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि विमान किसी तकनीकी खराबी का शिकार हुआ या उसे निशाना बनाया गया। वर्तमान में क्षेत्र को सील कर दिया गया है और एक उच्च स्तरीय सैन्य जांच दल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित