इस्लामाबाद , मार्च 26 -- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के पुत्र कासिम खान ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में अपने पिता की हिरासत को लेकर चिंता जताई है।
श्री कासिम ने जिनेवा में मानवाधिकार परिषद में अ आरोप लगाया है कि जेल में अधिकारी उनके पिता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में 2023 से जेल में बंद उनके पिता के साथ किया जा रहा बर्ताव पाकिस्तान में राजनीतिक दमन के एक व्यापक स्वरूप को दर्शाता है, जो 2022 में उनके पद से हटाए जाने के बाद से ही साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि श्री खान सरकारी तोहफों से जुड़े एक कथित भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सज़ा काट रहे हैं और उन्हें अदियाला जेल में रखा गया है। इस हिरासत को "मनमाना" बताते हुए श्री कासिम ने दावा किया कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का सीधा उल्लंघन है, जिसमें 'नागरिक और राजनीतिक अधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय अनुबंध' और 'यातना विरोधी कन्वेंशन' जैसे ढांचे शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता को एकांत कारावास में रखा गया है, उन्हें परिवार के सदस्यों और कानूनी सलाहकारों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनकी चिकित्सा देखभाल में भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा, "मेरे पिता का मामला कोई अलग-थलग घटना नहीं है।"उन्होंने कहा, "यह दमन के एक बहुत बड़े स्वरूप का सबसे साफ़ उदाहरण है।" उन्होंने राजनीतिक विरोधियों की हिरासत, नागरिकों पर चलाए जा रहे फ़ौजी मुक़दमों और देश में पत्रकारों पर पड़ रहे भारी राजनीतिक दबाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि फ़रवरी 2024 के आम चुनाव में धांधली हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित