भुवनेश्वर , फरवरी 12 -- ओडिशा औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकास निगम (इडको) ने लंबे समय से लंबित 31 औद्योगिक प्रस्तावों को गुरुवार को मंजूरी दे दीइडको की अध्यक्ष उषा पाढ़ी की अध्यक्षता में भूमि आवंटन समिति (एलएसी) ने इन लंबित औद्योगिक परियोजनाओं के लिये भूमि आवंटन को अपनी स्वीकृति दी। अधिकारियों ने बताया कि इन मंजूरियों से भारी निवेश के रास्ते खुलने और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यह राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
स्वीकृत 31 परियोजनाओं में से बड़ी संख्या सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की परियोजनाओं की है। इसके साथ ही इसमें परिधान और कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग और अन्य उभरते उद्योगों के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
राज्य के संतुलित और समावेशी औद्योगिक विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, कोरापुट, कालाहांडी, रायगढ़ा जैसे गैर-औद्योगिक जिलों और अन्य पिछड़े क्षेत्रों में प्रस्तावित परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गयी है।
बैठक में एमएसएमई विभाग के सचिव और इडको के प्रबंध निदेशक डी. प्रशांत कुमार रेड्डी, इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा लिमिटेड (इपिकोल) के प्रबंध निदेशक भूपेंद्र सिंह पूनिया, उद्योग निदेशक अबोली सुनील नरवणे, ओडिशा कंप्यूटर एप्लीकेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक कौस्तुभ दीप्त पाणि के साथ-साथ समिति के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित