इटावा , मार्च 9 -- इटावा सफारी पार्क में एशियाई शेरों के कुनबे में इजाफा हुआ है। सफारी पार्क की शेरनी नीरजा ने एक साथ चार शावकों को जन्म दिया है, जिससे सफारी प्रबंधन में खुशी की लहर है। सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने सोमवार को बताया कि नीरजा द्वारा जन्मे चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी नियमित निगरानी की जा रही है। गर्भवती शेरनी की देखभाल सफारी के डॉक्टरों और स्टाफ ने विशेष सतर्कता के साथ की थी।

उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शाम 8:25 बजे पहले शावक, 9:07 बजे दूसरे, 9:43 बजे तीसरे और 9:59 बजे चौथे शावक का जन्म हुआ। चारों शावकों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है और शेरनी नीरजा भी अपने बच्चों की देखभाल कर रही है।

नीरजा तीसरी बार मां बनी है। इससे पहले उसके पांच शावक (पहली बार दो और दूसरी बार तीन) सफलतापूर्वक पल रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सफारी में रह रहे एशियाटिक शेर कान्हा और शेरनी नीरजा की मेटिंग 18 से 21 नवंबर 2025 के बीच हुई थी। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली से गर्भधारण की पुष्टि होने के बाद नीरजा को ब्रीडिंग सेंटर में शिफ्ट कर विशेष निगरानी में रखा गया था।

सफारी प्रशासन ने संभावित प्रसव तिथि होली के आसपास होने के कारण सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफारी परिसर में रहकर वन्यजीवों की विशेष निगरानी की।

इस उपलब्धि पर अखिलेश यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए सफारी प्रबंधन को बधाई दी और कहा कि अधिकारियों, कीपरों और डॉक्टरों की कड़ी मेहनत से सफारी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है।

गौरतलब है कि चंबल के बीहड़ों में स्थित इटावा सफारी पार्क का निर्माण वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव के कार्यकाल में कराया गया था। इसके बाद से इटावा की पहचान एशियाई शेरों के प्रमुख आशियाने के रूप में स्थापित हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित