, March 9 -- इटावा 09 मार्च (वाता) इटावा लायन सफारी में शेरनी नीरजा द्वारा चार शावकों को जन्म देने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुशी जताई है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "शेरों के सोहर गाओ!"। उन्होंने कहा कि एशियाई शेरों के लिए जिस बड़ी सोच के साथ इटावा लायन सफारी की शुरुआत की गई थी, वह अब साकार होती दिखाई दे रही है और यहां शेरों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सफारी प्रशासन ने बताया कि कि शेरनी नीरजा ने अपने तीसरे प्रसव में इस बार चार शावकों को जन्म दिया है। अखिलेश यादव ने इसे सफारी प्रबंधन के अधिकारियों, कीपर और डॉक्टरों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने बताया कि चंबल के बीहड़ों में स्थित इटावा सफारी पार्क का निर्माण अखिलेश यादव ने अपने 2012 के मुख्यमंत्री कार्यकाल में कराया था। इसके बाद इटावा की पहचान में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि कभी इटावा की पहचान देश-दुनिया में डाकुओं के इलाके के रूप में होती थी, लेकिन अब यह एशियाई शेरों के सबसे बड़े आशियाने के रूप में प्रसिद्ध हो रहा है।
इटावा सफारी पार्क में एशियाई शेरों का ब्रीडिंग सेंटर भी स्थापित किया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका प्रजनन कराया जाता है। चार नए शावकों के जन्म के बाद अब यहां एशियाई शेरों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। सफारी पार्क में पांच अलग-अलग सफारी जोन बनाए गए हैं, जहां वन्य जीवों को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित