इटावा , दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बकेवर इलाके में इकनोर के जंगलों में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त मुठभेड़ में दो हथियार सप्लायर गिरफ्तार कर लिए गए है। दोनों के पैरों के गोली लगी है।
हथियार सप्लायर पंचायत चुनाव से पहले इटावा में बड़ी संख्या में हथियारों की सप्लाई करने का मंसूबा पाले हुए थे जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी, सर्विलांस और बकेवर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यमुना नदी से सटे जंगल में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री पकड़ी गई। मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अपराधी गिरफ्तार हुए हैं, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और निर्माण सामग्री बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि साल 2014 में दोनों अपराधियों को एसटीएफ टीम ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए सज्जन सिंह और अभिषेक के खिलाफ पांच-पांच आपराधिक मामले इटावा कानपुर और बदायूं जैसे जिलों में दर्ज है ।
शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि थाना बकेवर पुलिस एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ इकनौर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पास के जंगल में कुछ बदमाश अवैध असलहा बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में सज्जन सिंह के बाएं पैर और अभिषेक के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से दो दर्जन से अधिक तमंचे, पिस्टल, रिवॉल्वर, बंदूक, अधिया, कारतूस और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए। इसके साथ ही हथियार बनाने के उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से इटावा और आसपास के जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे थे। पंचायत चुनाव से पहले बड़ी मात्रा में असलहा तैयार किया जा रहा था, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित