इटावा , फरवरी 16 -- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर के रतेहरी गांव में मतदाताओं के नाम कथित रूप से काटे जाने का मुद्दा अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुंच गया है। शिकायत उठाने वाले कुतुबुद्दीन की पिटाई का मामला राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रमुखता से उठा।

बताया गया कि ताखा तहसील क्षेत्र में 38 मुस्लिम मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 भरकर हटाने की प्रक्रिया की शिकायत की गई थी। मुख्य शिकायतकर्ता कुतुबुद्दीन का आरोप है कि इस मुद्दे को उठाने से नाराज भाजपा समर्थक नारायण सिंह ने समर्थकों के साथ मिलकर उनकी पिटाई की।

कुतुबुद्दीन ने अपने परिवार के नाम फर्जी तरीके से फॉर्म-7 के जरिए कटवाए जाने की शिकायत ताखा एसडीएम से की थी। इसके बाद वह विधायक प्रतिनिधि ध्रुव यादव के साथ भरथना थाने रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, जहां उनका आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने कार्रवाई के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया।

इस मामले को लेकर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, एसआईआर प्रभारी उदयभान सिंह यादव और अन्य नेताओं ने जिलाधिकारी से मिलकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने का आरोप है। इसके बाद अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पीड़ित को बुलाकर मामले को उठाया और चुनाव आयोग के अधिकारियों के समक्ष भी इटावा की घटना का जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित