इटावा , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में रेल हादसे में जान गंवाने वाले असम निवासी दिलावर हुसैन के शव को श्रद्धांजलि योजना के तहत उनके गृह राज्य भेजा गया है।
दिलावर हुसैन की मौत दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर साम्हों स्टेशन के पास हुई थी। बताया गया कि ट्रेन में धुआं उठने से अफरा-तफरी के बीच वह नीचे उतर गए थे, तभी दूसरी लाइन पर आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतक गुजरात के सूरत में काम करते थे और अपनी बीमार एक साल की बेटी के इलाज के लिए असम लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, असम सरकार की श्रद्धांजलि योजना के तहत पोस्टमार्टम के बाद शव को इटावा से दिल्ली ले जाया गया, जहां से हवाई मार्ग से निशुल्क असम भेजा जा रहा है। इस योजना के तहत अन्य राज्यों में मृत व्यक्तियों के शव को उनके गृह राज्य तक पहुंचाने की सुविधा दी जाती है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित