इटावा , फरवरी 18 -- दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर उत्तर प्रदेश के इटावा में बुधवार शाम रेलवे की ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) पावर सप्लाई लाइन में विस्फोट और तकनीकी खराबी के चलते करीब दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान वंदे भारत, तेजस एक्सप्रेस, राजधानी और कई यात्री ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रोकनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि डाउन लाइन की ओएचई में तकनीकी फॉल्ट आने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जबकि अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन जारी रहा। फॉल्ट दूर होते ही ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इटावा जंक्शन यार्ड क्षेत्र में ओएचई का इंसुलेटर टूट गया था, जिससे डाउन ट्रैक पर बार-बार ट्रिपिंग होने लगी। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी अधिकारी, आरपीएफ और टावर वैगन टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। मैनपुरी और रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के बीच खंभा संख्या 1157/23 पर यह खराबी सामने आई।
इस तकनीकी खराबी के कारण नई दिल्ली-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस सराय भूपत स्टेशन, तेजस एक्सप्रेस जसवंतनगर, अलीगढ़ सुपरफास्ट मेमू बलरई, बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस इटावा जंक्शन, शताब्दी एक्सप्रेस कौरारा, पारसनाथ एक्सप्रेस सराय भूपत और गोमती एक्सप्रेस फिरोजाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे टीम ने शाम 6 बजकर 48 मिनट पर इंसुलेटर को दुरुस्त किया, जिसके बाद ट्रेनों का संचालन बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शाम करीब 5 बजे रेलवे पावर लाइन में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि समय रहते तकनीकी खामी दूर कर ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों को राहत मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित