इटावा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना क्षेत्र के पड़ियापुरा गांव में ट्रक चालक रणवीर सिंह की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अहनैया नदी के पास से पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि सोमवार तड़के कुल्हाड़ी से वार कर रणवीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर उसकी पत्नी पूजा, गांव निवासी अर्पित तथा अर्पित के पिता सर्वेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
मंगलवार सुबह लगभग 10:20 बजे मुखबिर की सूचना पर भरथना-बिधूना रोड स्थित अहनैया नदी के पास से बाइक पर भागने की फिराक में खड़े पूजा और अर्पित को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से एक बाइक, खून से सनी शर्ट सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता लाखन सिंह ने सोमवार सुबह घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में बने मकान पर बेटे का खून से लथपथ शव चबूतरे पर पड़ा देखा था। शव के पास खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पूछताछ में सामने आया कि पूजा और अर्पित के बीच लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी रणवीर को हो गई थी, जिसके चलते दंपति के बीच विवाद होता रहता था। थाना प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार, आरोप है कि रविवार रात रणवीर के घर लौटने पर उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस की लगातार दबिश के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित