इटावा , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना क्षेत्र में बकेवर रोड पर ग्राम मोढ़ी के समीप गुरुवार दोपहर कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी आर.डी. मौर्य ने बताया कि भरथना कस्बे के महावीर नगर निवासी कन्हैया पोरवाल (30) अपने मित्र आकाश सविता (25) के साथ गुरुवार सुबह लखना स्थित एक रिश्तेदारी में गए थे। वहां से भोजन करने के बाद दोनों बाइक से भरथना लौट रहे थे। इसी दौरान भरथना-बकेवर रोड पर ग्राम मोढ़ी के पास सामने से तेज गति से आ रही सफेद रंग की सिलेरियो कार ने लापरवाही से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गए और कार की छत से टकराकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक कन्हैया के पिता अरुण पोरवाल मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान अपने पुत्र कन्हैया और उसके मित्र आकाश के रूप में की। उन्होंने बताया कि वह कस्बे के मुख्य चौराहे पर हलवाई का ठेला लगाते हैं, जिसमें कन्हैया उनका हाथ बंटाता था। खाली समय में वह कस्बे की एक सर्राफा दुकान पर भी काम करता था, जबकि आकाश सविता नाई का काम करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित