इटावा , जनवरी 13 -- दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर माल वाहक रेलगाड़ियाें की रफ्तार में बाधा को दूर करने के लिये उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में फ्रेट कारीडोर पर करीब एक किलोमीटर की दूरी की एक नई रेल लाइन बिछाई जा रही है।
इस रेल लाइन को बिछाने के लिए करीब एक सैकड़ा से अधिक रेल विभाग से जुड़े हुए अधिकारी और कर्मी जी जान से जुटे हुए हैं। युद्ध स्तर पर बिछाई जा रही इस रेल लाइन को इस साल फरवरी में शुरू किए जाने की उम्मीद रेलवे अधिकारियों की ओर से जताई जा रही है।
फ्रेट कॉरिडोर रेलवे विभाग की ओर से जुड़े हुए अधिकारियों की ओर से ऐसा बताया गया है कि इटावा में फ्रेट कारीडोर रेल लाडन पर करीब एक किलोमीटर रेल लाडन में बदलाव किया जा रहा है। करीब 1 किलोमीटर से अधिक लंबी रेल लाइन को बिछाने के लिए एक सैकड़ा से अधिक रेल विभाग के कर्मी और अधिकारी सक्रिय बने हुए हैं।
मालवाहक रेल गाडियों के संचालन के मद्देनजर बनाए गए फ्रेट कॉरिडोर में इटावा जिले के जसवंतनगर के भतोरा गांव के पास एक घुमावदार मोड के चलते रेलगाडियो की स्पीड मात्र 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार रहती थी। रेल अधिकारियों के निर्देश के क्रम में अब इस स्थान पर एक नई रेल लाइन बिछाई जा रही है। करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबी रेल लाइन के बिछाए जाने के बाद अब रेल संचालन बेहतर ढंग से संभव हो सकेगा।
रेल अधिकारियों ने बताया कि जब नई रेल लाइन बिछा दी जाएगी तब करीब सवा सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से माल वाहक रेल गाड़ियों का संचालन शुरू हो जाएगा। फ्रेंड कॉरिडोर पर रेलवे लाइन बिछाने में जुटे रेल कर्मी गौरव कुमार का कहना है कि इटावा जिले के जसवंतनगर तहसील की भतोरा गांव के पास से गुजर रही फ्रेट कारीडोर की रेल लाइन जब बिछाई गई थी तब इस बात का ध्यान नहीं रखा गया कि इस स्थान पर एक बड़ा घुमाव है जिसके कारण यहां पर माल वाहक रेलगाड़िया की स्पीड 70 और 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर ही रहती है जिसके कारण माल वाहक रेलगाड़िया के संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना मालवाहक रेलगाड़िया के चालकों को करना पड़ रहा था।
मालवाहक रेल गाड़ियों के चालकों की कठिनाइयों को दृष्टिगत रखते हुए रेल विभाग की ओर से सर्वेक्षण के बाद तय किया गया है कि भतोरा गांव के पास रेल लाइन में बदलाव किए बिना माल वाहक रेलगाड़िया का संचालन ठीक ढंग से संभव नहीं है। करीब 1 साल से अधिक के समय से इस गांव के पास नई रेल लाइन बिछाने का काम बड़ी तेजी से किया जा रहा है।
नई रेल लाइन बिछाने के काम में जुटे रेल कर्मी रोहित कुमार का कहना है कि नई रेल लाइन बिछाने का काम रेल विभाग के निर्देश के क्रम में किया जा रहा है। सिर्फ रेल लाइन ही नहीं बल्कि सिग्नल आदि को भी नए सिरे से स्थापित किया जा रहा है।
फ्रेट कॉरिडोर भारत के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो मुख्य रूप से पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ा है और माल ढुलाई को तेज, कुशल और सस्ता बनाने के लिए बनाया गया है। यह उच्च गति और क्षमता वाले रेल मार्ग हैं जो विशेष रूप से माल परिवहन के लिए बनाए गए हैं, ताकि भारत के प्रमुख बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित