इटावा , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में ईदगाह के पास स्थित एक मकान में पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा कमरा इसकी चपेट में आ गया। घटना में एक बुजुर्ग और उनके दो पौत्र झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल अधिकारी सुभाष आर्य ने बताया कि गुरुवार दोपहर पूजा के समय जलाया गया दीपक गिरने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय घर के अंदर परिवार के सदस्य मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

आग की चपेट में आने से घर में मौजूद बुजुर्ग मुन्नी लाल और उनके दो पौत्र गगन व हर्ष झुलस गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीनों को बाहर निकालकर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम चार दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल अधिकारी ने बताया कि मकान संकरी गली में स्थित होने और पुराने निर्माण के कारण आग बुझाने में समय लगा। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पूजा के दौरान जलाया गया दीपक बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित