इटावा , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के पड़ियापुर गांव में एक व्यक्ति की कथित रूप से उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पत्नी अपनी दो वर्षीय पुत्री को लेकर फरार हो गई है।
पुलिस अधीक्षक (देहात) श्रीश चंद्र ने सोमवार को बताया कि 45 वर्षीय रनवीर सिंह यादव की तड़के उनके घर में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।
परिजनों का आरोप है कि रनवीर की पत्नी पूजा का अर्पित नामक युवक से प्रेम संबंध था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मृतक के भाई के अनुसार रनवीर की शादी वर्ष 2018 में मथुरा जनपद के वृंदावन निवासी पूजा से हुई थी। दंपति की दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद पत्नी एक बच्ची को साथ लेकर फरार हो गई, जबकि दूसरी बच्ची ननिहाल में बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक (देहात) ने बताया कि आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित