इटावा , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में नो-एंट्री वसूली से संबंधित एक वायरल ऑडियो के मामले में भरेह थाने में तैनात सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने रविवार को बताया कि ईंटों से भरे एक ट्रैक्टर के चालान से जुड़े मामले में ट्रैक्टर संचालक के साथ हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच कराई गई। क्षेत्राधिकारी चकरनगर अविनाश सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सिपाही सर्वेश कुमार को निलंबित कर दिया है।

प्रकरण की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी सिटी अभय नारायण राय को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार वायरल ऑडियो में कथित रूप से वाहन संचालन से संबंधित 'एंट्री' को लेकर बातचीत सामने आई है। मामले की सत्यता की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित