इटावा , जनवरी 16 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में बेकाबू ट्रक में बाइक सवार सिपाही समेत दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी है, इस दर्दनाक हादसे में सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में कानपुर हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने एक बाइक सवार सिपाही हर्षित मलिक (28) को कुचल दिया है जिससे उसकी मौत हो गई है। सिपाही को कुचलने के बाद बाइक सवार ने एक दूसरे बाइक सवार सौरभ को भी टक्कर मार दी,सौरभ पचावली गांव से जसवंतनगर बाइक से जा रहा था । बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कानपुर हाईवे पर लगी ग्रिल आदि भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
मृतक हर्षित मलिक 2019 बैच के सिपाही थे। वह मूल रूप से शामली जिले के रहने वाले थे और उनकी तैनाती पीआरबी में बसरेहर थाने में थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद इटावा के एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा , हाईवे एक्सीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर बेकाबू ट्रक से हुए नुकसान को पूरे इलाके को बारीकी से देखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित