इटावा , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे स्थित एनएचएआई के बख्तियारपुर टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़कर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कार मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात संजय और दीपू नामक दो लोग कार से टोल प्लाजा पहुंचे और बिना शुल्क दिए जबरन निकलने का प्रयास करने लगे। टोल कर्मियों से विवाद के बाद दोनों ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए कई चक्कर लगाए और आधा दर्जन के करीब बैरियर तोड़ दिए, इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना टोल प्रबंधन द्वारा चौबिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चौबिया क्षेत्र के धोकल गांव के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वे नशे की हालत में थे। घटना में टोल प्लाजा को काफी नुकसान पहुंचा है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने टोल प्लाजा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित