इटावा , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में 11वी कक्षा के छात्र और छात्रा ने कथित रुप से ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने गुरुवार का बताया कि बुधवार रात सुंदरपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर एक छात्र और छात्रा के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों बसरेहर क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं और अलग-अलग स्कूलों में अध्ययनरत थे।
क्षेत्राधिकारी (नगर) अभय नारायण राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के अनुसार दोनों बुधवार शाम करीब चार बजे घर से निकले थे और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की और रात में संबंधित थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पुलिस ने फोटो और कपड़ों के आधार पर परिजनों से पहचान कराई।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, हालांकि परिवारों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित