इटावा , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में वैदपुरा और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहा, जिंदा कारतूस, चोरी की ऑटो बैटरी, नकदी तथा चोरी किया गया ऑटो बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि 12 फरवरी को सैफई क्षेत्र के लछबाई गांव निवासी पवन कुमार ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में अपना ऑटो चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू की। बीती रात वैदपुरा थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी एवं फ्रेंड्स कॉलोनी थानाध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त वाहन चेकिंग के दौरान इटावा-मैनपुरी मार्ग से दो अभियुक्तों श्यामू उर्फ पारस तथा लव को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक अवैध चाकू, चोरी की ऑटो बैटरी, 950 रुपये नकद तथा चोरी किया गया ऑटो बरामद हुआ।
एसएसपी ने बताया कि श्यामू उर्फ पारस के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, बीएनएस, एससी/एसटी एक्ट तथा चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लव पुत्र रामकुमार के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में मामले पंजीकृत हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित