इटावा , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर एक युवक से 38 लाख 17 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गौरव शुक्ला (गांधीनगर) ने बताया कि उन्हें "इंटरनेशनल इक्विटी फंड" नामक कंपनी की ओर से व्हाट्सएप और कॉल के माध्यम से संपर्क किया गया। कॉल करने वालों ने खुद को शेयर बाजार का जानकार बताया और कम समय में सुरक्षित निवेश से अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया।
गौरव ने 15 अगस्त 2024 को पहली बार 50 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद अगस्त और सितंबर 2024 में अलग-अलग तारीखों पर कई बार फोन कर निवेश बढ़ाने का दबाव बनाया गया। ठगों ने मुनाफे का लालच देकर कंपनी के बताए खातों में अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपये जमा करवा लिए।
तीन अक्टूबर 2024 को ठगों ने धमकी दी कि यदि 28 लाख रुपये और जमा नहीं किए गए तो अब तक का पैसा डूब जाएगा। डर के कारण गौरव ने मजबूरी में बड़ी रकम भी ट्रांसफर कर दी। बाद में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बताया कि यह पूरी तरह फर्जी कंपनी है और वह भी इसी तरह ठगी का शिकार हुआ।
सच्चाई का पता चलते ही गौरव ने कंपनी से संपर्क किया, लेकिन सभी नंबर बंद पाए। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित