अमृतसर , अप्रैल 19 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने इटली में गुरुद्वारा साहिब के बाहर दो सिखों की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।

एडवोकेट धामी ने कहा कि इटली के बैरगामो (कोवो) स्थित गुरुद्वारा साहिब माता साहिब कौर जी के बाहर हुई यह घटना देश-विदेश में बसे सिखों के लिए गहरी चिंता का विषय है।सिखों ने पूरी दुनिया में गुरु साहिबानों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए हमेशा आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिबों के माध्यम से सिख समुदाय ने हमेशा लोक-भलाई के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुरुद्वारा साहिब, जहां से हमेशा सर्व-सांझी एकता का संदेश मिलता है, वहां इस प्रकार की घटनाओं का होना अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने इटली सरकार से भी इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

एडवोकेट धामी ने इटली में मारे गए सरदार राजिंदर सिंह और सरदार गुरमीत सिंह के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित