ग्वालियर , फरवरी 2 -- ग्वालियर स्थित सिंधिया कन्या विद्यालय (एसकेवी) को भारत में इज़राइल के राजदूत महामहिम रूवेन अज़ार के स्वागत का गौरव प्राप्त हुआ। विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्या श्रीमती निशि मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा स्मृति-चिह्न प्रदान किया। इस अवसर पर करियर काउंसलर सुश्री उर्वशी पांडे समन्वयक के रूप में उपस्थित रहीं।
राजदूत अज़ार के इस भ्रमण से छात्राओं को वैश्विक दृष्टिकोण, संवाद और अंतरराष्ट्रीय समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। उन्होंने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। भ्रमण के दौरान उन्होंने रोबोटिक्स लैब का दौरा किया, जहाँ छात्राओं द्वारा तकनीक एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखा।
महामहिम को विद्यालय की सामाजिक पहल 'संकल्प' के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सेवा हेतु निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए जाते हैं। उन्होंने इस पहल की विशेष सराहना की।
छात्राओं से संवाद के दौरान राजदूत अज़ार ने कूटनीति, नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर अपने अनुभव साझा किए तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मुद्दों पर सोचने और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि रूवेन अज़ार ने अगस्त 2024 में भारत में इज़राइल के राजदूत के रूप में पदभार संभाला है। इससे पूर्व वे रोमानिया में इज़राइल के राजदूत सहित कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय और रणनीतिक पदों पर कार्य कर चुके हैं। महामहिम का यह दौरा सिंधिया कन्या विद्यालय की छात्राओं एवं शैक्षणिक समुदाय के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित