यरूशलम , जनवरी 14 -- इजरायल ने ईरान के साथ तनाव बढ़ने की संभावना के मद्देनजर सैन्य तैयारियों को तेज कर दिया है।

इजरायल के 'आर्मी रेडियो' की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने ईरान से जुड़े संभावित सैन्य टकराव की आशंका को देखते हुए तैयारी बढ़ा दी है और कई सैन्य टुकड़ियों को हाई अलर्ट पर रखा है।

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बताया कि ईरान से जुड़े घटनाक्रमों पर चर्चा करने के लिए राजनीतिक-सुरक्षा कैबिनेट की पहले से निर्धारित बैठक को बुलाया गया है।

इजरायल के सार्वजनिक प्रसारक 'कान' ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान इजरायल की हवाई रक्षा प्रणालियों में बदलाव किए गए हैं, जिसमें 'आयरन डोम इंटरसेप्टर सिस्टम' की तैनाती भी शामिल है। इजरायली अधिकारियों के आकलन के अनुसार, ईरान तब तक इजरायल पर हमला नहीं करेगा, जब तक कि अमेरिका ईरानी क्षेत्र पर बड़े पैमाने पर हमला नहीं करता।

फिलहाल 'आरक्षित सैनिकों' को तुरंत बुलाए जाने का कोई आदेश नहीं दिया गया है और न ही आईडीएफ की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी आई है।

ये कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उन टिप्पणियों के बाद उठाए गए हैं, जिनमें उन्होंने ईरानियों से विरोध प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह किया था और कहा था कि 'मदद आने वाली है'।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित