, March 5 -- यरूशलम, 05 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) इजरायल ने गुरुवार को कहा कि उसकी वायुसेना ने ईरानी बैलेस्टिक मिसाइल ठिकानों पर हमलों का एक दौर पूरा कर लिया है।
सैन्य अधिकारियों ने एक बयान में कहा है कि लड़ाकू विमानों ने ईरान में भूमिगत बैलिस्टिक मिसाइल भंडारण केंद्र, विमानों के खिलाफ इस्तेमाल होने वाली मिसाइल भंडारण केंद्र और लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों के लॉन्च पैड्स (प्रक्षेपण स्थलों) पर हमला किया। सेना ने लक्षित स्थलों की संख्या या उनके सटीक स्थानों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।
सुबह ईरान की ओर से मिसाइल हमले फिर से शुरू हो गये। तेल अवीव सहित मध्य इजरायल में हवाई हमले के सायरन गूंजने लगे और लाखों लोग आश्रय स्थलों की ओर भागे। यह स्थिति ठीक उसी समय बनी जब नये युद्धकालीन दिशा-निर्देश लागू हुए थे, जिनमें कुछ प्रतिबंध हटाये गये थे और इजरायलियों को उन कार्यस्थलों को फिर से खोलने की अनुमति दी गयी थी, जहां से वे जल्दी आश्रय स्थलों तक पहुंच सकें।
पुलिस ने बताया कि मध्य क्षेत्र में एक मिसाइल का अवशेष गिरा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि इसके प्रभाव से एक रिहायशी घर के पिछवाड़े में बड़ा गड्ढा हो गया है। चिकित्सा कर्मियों ने किसी के घायल होने की सूचना नहीं दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित