चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने शुक्रवार को 21 मार्च को आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। यह सम्मेलन दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मुरथल (सोनीपत) में आयोजित किया जाएगा। बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग, सोनीपत प्रशासन और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि सम्मेलन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जायें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित और सफलतापूर्वक हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता दिखाने का मंच देते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
सम्मेलन में युवाओं को संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों, कार्यों और कर्तव्यों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों से करीब 1400 विद्यार्थी भाग लेंगे।
अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम को गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन को विशेष निर्देश दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित