बारां , दिसम्बर 16 -- राजस्थान में बारां में कैट महिला विंग बारां के तत्वाधान में 21 दिसम्बर को सुरों का महासंगम कार्यक्रम 'वॉइस ऑफ हाड़ौती' का आयोजन किया जा रहा है।
कैट वुमन प्रभारी कोटा, बारां, उदयपुर सुमन ड्रोलिया ने मंगलवार को यहां बताया कि प्रतियोगिता के पोस्टर विमोचन के पश्चात "सुरों का महा संगम" की प्रतियोगिता प्रक्रिया ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की। प्रतियोगिता के ऑनलाइन दौर में कुल 53 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिनमें से ऑनलाइन चयन प्रक्रिया के माध्यम से 40 प्रतिभागियों का चयन किया गया है।
कार्यक्रम प्रभारी ललिता टोंगया के अनुसार ऑफलाइन लाइव गायिकी (सेमीफाइनल दौर) का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी सुर-साधना और आत्मविश्वास से मंच को जीवंत कर दिया। कड़े और निष्पक्ष चयन के उपरांत अंतिम चरण के लिये 18 प्रतिभागियों का चयन किया गया। जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से निर्णायक मंडल और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्था अध्यक्ष चन्दा ठाकुरिया ने बताया कि अब अंतिम चरण में जूनियर एवं सीनियर वर्ग से दोनों प्रतियोगिता के तीन-तीन प्रतिभागियों को मुख्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अन्य 52 प्रतिभागी को भी प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। साथ ही 21 दिसम्बर को होने वाले सुरों के महासंगम वाइस ऑफ हाड़ौती में पूरे हाड़ौती से चयनित 18 प्रतिभागी मंच पर प्रस्तुति देंगे।
सचिव चारु गुप्ता ने बताया कि "सुरों का महा संगम" केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हाड़ौती की प्रतिभाओं को पहचान, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का मंच देने वाला सांस्कृतिक महोत्सव बनकर उभरेगा। यह आयोजन सुर, साधना और संस्कार के माध्यम से सामाजिक एकता को सशक्त करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित